डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड के सरायकेला में एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने न सिर्फ अपनी पत्नी का गला घोंटा, बल्कि लोहे की पत्ती से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को छुपाने के लिए उसने शव को एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक (शौचालय की टंकी) में फेंक दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे हत्यारा पति ज्यादा दिन बच नहीं सका और अब सलाखों के पीछे है।
शक के घेरे में आई मोहब्बत, फिर ली जान
सरायकेला थाना क्षेत्र के मोहितपुर पंचायत के स्वर्णपुर गांव के रहने वाले आरोपी पति सोमरा हेम्ब्रम को अपनी 30 वर्षीय पत्नी संबरी हेम्ब्रम के चरित्र पर शक था। इसी शक की आग में झुलसकर सोमरा ने खौफनाक साजिश रची। उसने बिजली के तार और गमछे से संबरी का गला घोंटा और फिर लोहे की पत्ती से सिर पर जानलेवा वार कर उसे मार डाला।
सेप्टिक टैंक में मिली थी अज्ञात लाश, SIT ने सुलझाई गुत्थी
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बीती 14 जुलाई को सीनी स्थित खजुरबागान में एक शौचालय की टंकी से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। सहायक अवर निरीक्षक हरेकृष्ण महतो के आवेदन पर सरायकेला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। चूंकि शव की पहचान नहीं हो पाई थी, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
कैसे पकड़ा गया कातिल?
एसआईटी ने तकनीकी, भौतिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया। कड़ियों से कड़ियां जुड़ती गई और सबसे पहले मृतका की पहचान संबरी हेम्ब्रम के रूप में हुई। जैसे ही पहचान साफ हुई, शक की सुई सीधे पति सोमरा पर जा टिकी। पुलिस ने घेराबंदी कर सोमरा को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद, टीम को मिली सराहना
गिरफ्तार आरोपी सोमरा हेम्ब्रम की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए सबूतों को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त लोहे की पत्ती, गला घोंटने के लिए इस्तेमाल किया गया गमछा, बिजली का तार बरामद किया है।
इस टीम ने किया केस का भंडाफोड़
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने वाली छापामारी टीम में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुडु, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।

