मुजफ्फरपुर में खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन फटी, 5 स्कूली बच्चे बेहोश

Neelam
By Neelam
2 Min Read

मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन फट गई। मामला रोहुआ इलाके का है, जहां बुडको के निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय गैस पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन फटने के बाद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान पास के स्कूल में मौजूद पांच छात्राएं गैस की चपेट में आने से बेहोश हो गईं।

तेज धमाके की आवाज के साथ रिसाव

जिले के रोहुआ में बुडको का निर्माण कार्य चल रहा था। तभी अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और गैस तेजी से निकलने लगी। कुछ ही देर में पूरे इलाके में गैस फैल गई। लोगों ने बताया कि आसपास धुंध जैसा माहौल बन गया, जिससे लोग घबराकर इधर-उधर भागने लग।

स्कूल से महज 20 मीटर की दूरी पर हादसा

गैस रिसाव का सबसे ज्यादा असर पास के विश्राम सिंह प्लस-2 स्कूल पर पड़ा। हादसा स्कूल से महज 20 मीटर की दूरी पर हुआ। हादसे के वक्त स्कूल में 200 स्टूडेंट्स थे। टीचर उन्हें बाहर निकालने लगे, इसी दौरान कई छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं और बेहोश हो गईं। छात्राओं को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में स्कूलों में छुट्टी कर दी, जिससे बच्चों को सुरक्षित घर भेजा जा सका।

हादसे की जांच शुरू, पाइपलाइन की मरम्मत शुरू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गैस पाइपलाइन ऑपरेटर की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और पाइपलाइन कैसे क्षतिग्रस्त हुई। प्रशासन की ओर से जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article