बिहार के दरभंगा जिले में महिलाओं के बाल काटने की रहस्यमयी घटना सामने आ रही है। 8 दिन में दूसरी वारदात ने लोगों को खौफ में डाल दिया है। ये घटना दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव की है।
शिक्षक दंपति के घर को बनाया निशाना
बहादुरपुर स्थित डरहार गांव में गुरुवार की रात बदमाशों ने शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर को निशाना बनाया। अपराधियों ने न केवल घर से लूटपाट की, बल्कि वहां सो रही उनकी नाबालिग बेटी के सिर के बाल भी कैंची से काट दिए।
पीड़ित बच्ची आकांक्षा की बताई आपबीती
घटना के वक्त अपने कमरे में सो रही पीड़ित लड़की आकांक्षा ने इस डरावने अनुभव के बारे में बताया। आकांक्षा ने कहा कि जब वो सो रही थी, तब उसके कमरे में कोई घुसा। उसकी नींद तब खुली जब उसके पूरे शरीर में तेज खुजली होने लगी। आंख खुलते ही उसने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला था और काले कपड़ों में एक अज्ञात व्यक्ति तेजी से सीढ़ी के रास्ते छत की तरफ जा रहा था। डर के मारे जब उसने छत पर सो रहे माता-पिता को सूचित करने के लिए अपना मोबाइल ढूंढा, तो फोन भी वहां से गायब मिला। फिर तुरंत छत पर जाकर मम्मी-पापा को जगाया। जब सब नीचे आए तो देखा कि कमरों का सारा सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा था।
8 दिन में दूसरी वारदात
हैरान करने वाली बात ये है कि ठीक 8 दिन पहले भी इसी गांव में एक डॉक्टर के घर डकैती के दौरान अपराधियों ने उनकी बहू के बाल काटे थे। डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर हुई लूट के दौरान बदमाशों ने उनकी बहू को कथित तौर पर नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया था और उसके भी बाल काट दिए थे। इसके बाद लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए थे।
जांच में जुटी पुलिस
लगातार दो वारदात की सूचना के बाद बहुदुरपुर थाने की पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और टेक्निकल सेल की संयुक्त टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जांच अधिकारियों ने घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि दोनों ही घटनाओं में अपराधियों का एक जैसा पैटर्न (सिम्टम) देखने को मिल रहा है, जिससे आशंका है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही

