मासिक अपराध गोष्ठी में लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट तामिला, बीट पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की हुई समीक्षा
पलामू: पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शुक्रवार को ब्लॉक-बी स्थित सभागार में जिले की मासिक अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता की। बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के त्वरित अनुसंधान, अपराधियों पर सतत निगरानी, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के बेहतर उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।
अपराध गोष्ठी में डायल-112 सेवा, बीट पुलिसिंग तथा पिछले माह दिए गए एजेंडा बिंदुओं पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही पिछले 10 वर्षों में जेल से रिहा हुए अपराधियों, विशेषकर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और गृहभेदन के मामलों में संलिप्त व्यक्तियों का सत्यापन कर उन पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि आगामी मासिक अपराध गोष्ठी में इन सभी बिंदुओं की दोबारा समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निर्धारित कार्यों का नियमित और प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

