ड्रोन की नजर में कोयला माफिया, सीआईएसएफ का बड़ा अभियान; कई अवैध खनन स्थल चिन्हित
बीसीसीएल और स्थानीय प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई, अवैध मुहानों की भराई का काम जारी
बाघमारा: अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ (CISF) इकाई, बीसीसीएल धनबाद ने बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर विशेष संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान ड्रोन सर्विलांस के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की गई और अवैध खनन स्थलों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की गई।
अभियान के तहत बीके-2 एरिया में ड्रोन सर्विलांस के दौरान जमुनिया माइंस के हाईवॉल पर रैट होल तथा केसरगढ़ क्षेत्र में निष्क्रिय अवैध मुहाने और अवैध उत्खनन स्थल चिन्हित किए गए। इन सभी स्थानों पर भराई कर उन्हें बंद करने की कार्रवाई जारी है।
वहीं गोविंदपुर (एरिया-03) में भी निष्क्रिय अवैध उत्खनन स्थल और अवैध मुहानों की पहचान की गई, जहां कार्रवाई जारी है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के बीच हायर्ड पैच माइंस में जल प्रवेश रोकने के लिए बागड़ीगी जोर की भराई का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
कतरास (एरिया-04) के गजलीटांड बंद माइंस में भी ड्रोन की मदद से कई अवैध मुहाने और रैट होल चिन्हित किए गए हैं। इन सभी स्थानों को भरकर पूरी तरह बंद करने का कार्य प्रगति पर है।
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि कोयला चोरी और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

