बिहार में मिला कोरोना का मरीज, भागलपुर के 65 वर्षीय बुजुर्ग रिपोर्ट आई पॉजिटिव

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दी है। भागलपुर में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे एक बुजुर्ग मरीज की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। मामले की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।य़

65 साल के बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण की पुष्टि

पिछले 10 दिनों से बुखार से पीड़ित 65 साल के बुजुर्ग की आरटी-पीसीआर जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीज मूल रूप से बांका जिले के रहने वाले है। अभी भागलपुर के लालूचक इलाके में रहते है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

10 दिनों से नहीं उतर रहा था बुखार

परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग पिछले 10 दिनों से सर्दी, खांसी और तेज बुखार से पीड़ित थे। उनका तापमान 104 डिग्री तक बना हुआ था और दवा लेने के बावजूद बुखार नहीं उतर रहा था। इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां आरटी-पीसीआर जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया।

सरकारी जांच से होगी आधिकारिक पुष्टि

वहीं, मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि मरीज की कोविड रिपोर्ट निजी लैब में पॉजिटिव आई है। सरकारी स्तर पर भी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी, ताकि संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की घबराहट फैलाने की जरूरत नहीं है। अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और मरीज का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।

Share This Article