बिहार में कोरोना का दूसरा मरीज, भागलपुर में 65 वर्षीय बुजुर्ग के बाद बेटी भी संक्रमित

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में कोरोना संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। भागलपुर में 48 घंटे के अंदर एक और कोरोना का मरीज मिला है। 19 जुलाई रविवार को एक बुजुर्ग के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। सोमवार को उनके संपर्क में रहने वाली उनकी बेटी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।

पिता के बाद पुत्री भी कोरोना पॉजिटिव

जवाहरलाल नेहरू भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में दोनों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि संक्रमित वृद्ध की पुत्री जिले के सबौर से अपने बुजुर्ग पिता की सेवा एवं इलाज के लिए लगातार आ-जा रही थीं। इसी दौरान वो भी संक्रमण की चपेट में आ गईं। जब बेटी में भी सर्दी-खांसी जैसे लक्षण दिखे, तो चिकित्सकों ने सोमवार को उनकी आरटीपीसीआर जांच करवाई। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

Advertisement

48 घंटे के अंदर दो मामले

रिपोर्ट के मुताबिक, बुजुर्ग बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं। पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी के यहां भागलपुर में रह रहे थे। उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें तिलकामांझी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। 16 जुलाई को तिलकामांझी स्थित एक निजी सैंपल कलेक्शन सेंटर में उनकी आरटी-पीसीआर जांच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट 18 जुलाई को पॉजिटिव प्राप्त हुई। अब 48 घंटे के अंदर ही बेटी भी संक्रमित पाई गई है।

प्रशासन अलर्ट मोड में

एक ही परिवार में कोरोना के दो मामले सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अस्पताल में लंबे समय से बुखार, सर्दी-खांसी और बदन दर्द से पीड़ित मरीजों की अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। साथ ही सभी चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मास्क पहनने, हाथों को नियमित सैनिटाइज करने और कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।

Share This Article