जुलाई में जारी होगी बीपीएससी टीआरई 4 की अधिसूचना, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का ऐलान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में चौथे चरण की शिक्षक बहाली (TRE-4) के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने सदन में घोषणा की कि TRE-4 की आधिकारिक अधिसूचना इसी महीने यानी जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह तक जारी कर दी जाएगी। 

जुलाई  के अंतिम सप्ताह में जारी होगी अधिसूचना

मानसून सत्र के दौरान राजद विधायकों की ओर से शिक्षक बहाली कैलेंडर और TRE-4 की अधिसूचना में देरी को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि TRE-4 की अधिसूचना जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में जारी कर दी जाएगी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों के हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर है और भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा।

पांच सालों में एक लाख शिक्षकों की होगी नियुक्ति

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने का निर्देश दिया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ा रहा है। शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भर्ती प्रक्रिया में जो भी तकनीकी या प्रशासनिक कमियां हैं, उन्हें दूर किया जा रहा है ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो।

63,047 सरप्लस शिक्षकों का होगा समायोजन

शिक्षा विभाग के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित मानक से अधिक 63,047 शिक्षक कार्यरत हैं। दूसरी ओर कई विद्यालय ऐसे हैं जहां शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इस असंतुलन को दूर करने के लिए सरप्लस शिक्षकों का जरूरत वाले विद्यालयों में समायोजन किया जा रहा है, ताकि सभी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

लागू होगी जिला कैडर व्यवस्था

शिक्षा मंत्री ने सदन में बताया कि शिक्षकों को अब जिला कैडर के तहत नियुक्त किया जायेगा। इसका अर्थ यह होगा कि जिस जिले में शिक्षक की नियुक्ति होगी, सामान्य परिस्थितियों में उसी जिले में उन्हें सेवा देनी होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य हर एक जिले में शिक्षकों की उपलब्धता को स्थिर बनाए रखना और बार-बार होने वाले स्थानांतरण से उत्पन्न समस्याओं को कम करना है।

Share This Article