आजीविका योजनाओं की समीक्षा, उप विकास आयुक्त ने लंबित लाइसेंस जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में आज आजीविका क्षेत्र से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक के दौरान बजट की उपलब्धता एवं व्यय, सीड लाइसेंस, उर्वरक लाइसेंस तथा कीटनाशक लाइसेंस से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने जिन मामलों में लाइसेंस की प्रक्रिया अधूरी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
इसके अलावा बैठक में पलाश एवं अन्नपूर्णिका ब्रांड के तहत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इन ब्रांडों के बेहतर प्रचार-प्रसार, उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई।
बैठक में आजीविका संवर्धन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, वरीय वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र, डीडीएम नाबार्ड, कार्यपालक अभियंता (ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल एवं लघु सिंचाई प्रमंडल), जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस), तकनीकी विशेषज्ञ (जलछाजन प्रकोष्ठ), जिला समन्वयक (रूर्बन मिशन), प्रभारी पदाधिकारी (आर एंड आर), जेआरडीए तथा मनरेगा (डीआरडीबी) के परियोजना पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

