लोयाबाद में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, CISF-बीसीसीएल ने कई अवैध मुहाने किए बंद

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा: धनबाद जिले के एरिया-5 सिजुआ क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और बीसीसीएल प्रबंधन ने संयुक्त अभियान चलाकर कई अवैध मुहानों की भराई कर उन्हें पूरी तरह बंद कर दिया। यह कार्रवाई लोयाबाद 5 नंबर बस्ती में की गई।

संयुक्त अभियान का नेतृत्व सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट राजीव रंजन झा और इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने किया। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे कई मुहानों को भरकर सील कर दिया गया, ताकि दोबारा उनका इस्तेमाल न हो सके।

जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध कोयला कारोबार और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Advertisement

बताया जा रहा है कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कोयला चोरी और अवैध खनन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी गई है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....