धनबाद : कोयले के अवैध परिवहन पर पुलिस का बड़ा एक्शन ! 3 हाइवा जब्त

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। एक ओर सीआईएसएफ अवैध खनन और तस्करी पर शिकंजा कस रही है, तो दूसरी ओर अब पुलिस प्रशासन ने अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में बरोरा के हीरक रोड स्थित जमुआटांड़ में ट्रैफिक पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए तीन कोयला लदे हाइवा को जब्त किया।

मंगलवार की शाम ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार के नेतृत्व में बाघमारा और बरोरा थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। हीरक रोड स्थित जमुआटांड़ के पास कोयला लदे हाइवा समेत अन्य भारी वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान तीन हाइवा में अनियमितता मिलने पर उन्हें जब्त कर संबंधित थाने के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं कई अन्य वाहनों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई भी की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

इस औचक जांच अभियान में ट्रैफिक डीएसपी के साथ यातायात सार्जेंट राकेश दुबे, बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार, बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि अब अवैध कोयला परिवहन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन की नजर और सख्त हो गई है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहने की संभावना है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....