पटना में भी पेपर लीक के विरोध में उग्र प्रदर्शन, छात्रों पर दागे आंसू गैस के गोले, लाठीचार्ज 

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को पटना में वाम दल के छात्र संगठन आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले छात्रों ने राजभवन मार्च निकाला। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी गांधी मैदान गेट नंबर-10 से राजभवन की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल प्रयोग

पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर आइसा ने इस मार्च का ऐलान किया था। यह मार्च गांधी मैदान से निकलना था। दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए लाठीचार्ज का विरोध छात्र कर रहे थे। इसके अलावा पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच, पटना विश्विद्यालय अधिनियम को समाप्त करने के प्रस्ताव का विरोध, शिक्षा के निजीकरण किए जाने का विरोध भी प्रमुख मांगों में शामिल है। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए हैं।

छात्रों का लाठीचार्ज का आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। जेपी गोलंबर पर ही पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल का प्रयोग करना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारी छात्र नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे, तब पुलिस के साथ तीखी झड़प हो गई।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की सख्ती

वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने और सुरक्षा व्यवस्था भंग करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने पहले वाटर कैनन से पानी की बौछारें कीं। इसके बाद भी जब छात्र पीछे नहीं हटे, तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

Share This Article