‘अमेरिका-ईरान विवाद सुलझाने गए हैं?’ मानसून सत्र में तेजस्वी की गैरमौजूदगी पर जदयू का तंज

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र चल रहा है। आज सदन की कार्यवाही का तीसरा दिन है। सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी सियासी चर्चा का विषय बनी हुई है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति को लेकर तीखे तंज कसे हैं। एनडीए नेताओं ने चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार के विकास में योगदान देने के बजाय तेजस्वी यादव विदेश में अंतर्राष्ट्रीय विवादों को सुलझाने में व्यस्त हैं।

जेडीयू के नीरज कुमार ने चुटीले अंदाज में साधा निशाना

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति पर बेहद चुटीले अंदाज में निशाना साधा है। नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे शायद अमेरिका-ईरान विवाद सुलझाने गए हैं, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र (यूएन) भी उसे हल नहीं कर पा रहा है। नीरज कुमार ने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि वे अभी नौ ग्रहों में से किस ग्रह पर हैं, इसकी सही जानकारी खुद राष्ट्रीय जनता दल को भी नहीं है।

बीजेपी ने पूछा-आखिर कहां हैं तेजस्वी यादव?

वहीं, सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने तेजस्वी यादव के गायब रहने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य के इतना महत्वपूर्ण मानसून सत्र चल रहा है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करने के बजाय गायब हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि बिहार की जनता ये जानना चाहती है कि आखिर इस वक्त तेजस्वी यादव कहां हैं और वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा क्यों नहीं ले रहे हैं?

नेता प्रतिपक्ष राजनीतिक मैदान छोड़कर लापता- संजय सरावगी

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी तेजस्वी यादव की गैरहाजिरी को मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार आते हैं, कुछ बयान देते हैं और फिर लंबे समय के लिए गायब हो जाते हैं। जब भी बिहार में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की बारी आती है, नेता प्रतिपक्ष राजनीतिक मैदान छोड़कर लापता हो जाते हैं।

Share This Article