​ग्राहक बेखबर, बैंक का लॉकर खाली! जमशेदपुर के कैनरा बैंक में 1.10 करोड़ की बड़ी सेंधमारी

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: बैंक में रखे अपने कीमती गहनों और सोने को अगर आप सुरक्षित मानते हैं, तो जमशेदपुर से आई यह खबर आपके होश उड़ा सकती है। आजाद नगर स्थित कैनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के एवज में जमा कराया गया 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये का सोना लॉकर से रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया है। ​इस बड़ी गबन की घटना के सामने आते ही बैंक प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में बैंक के ही पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

रूटीन ऑडिट में खुला करोड़ों की हेरफेर का राज
​मिली जानकारी के अनुसार कैनरा बैंक में हर तीन महीने पर होने वाले रूटीन ऑडिट के दौरान इस जालसाजी का पर्दाफाश हुआ। जब ऑडिट टीम ने ग्राहकों द्वारा जमा किए गए गोल्ड लोन की रकम और लॉकर में रखे सोने के पैकेट का मिलान किया, तो कई ग्राहकों के गोल्ड पैकेट गायब मिले। जांच में जब गायब सोने के पैकेट का कुल मूल्य निकाला गया, तो वह ₹1,10,48,000 निकला। लॉकर से इतनी बड़ी तादाद में सोना गायब देखकर अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।

पूर्व अधिकारियों पर शक की सुई, पूर्व बैंक मैनेजर ने साधी चुप्पी
​आंतरिक जांच के दौरान बैंक प्रबंधन ने जब संबंधित शाखा प्रबंधकों और अधिकारियों से जवाब तलब किया, तो कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इतना ही नहीं जब बैंक के पूर्व मैनेजर से इस गबन के बारे में जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कोई सहयोग नहीं दिया। पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद बैंक के रीजनल मैनेजर मंगेश रामनाथन ने आजाद नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

5 नामजद समेत 7 लोगों पर आपराधिक मामला दर्ज
​रीजनल मैनेजर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बैंक के पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने मामले में 5 नामजद अधिकारियों सहित 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है।

इन अधिकारियों को बनाया गया है आरोपी
​मो. शब्बीर: पूर्व सीनियर मैनेजर सह प्रथम चाबी इंचार्ज
​इमरान खान: गोल्ड लोन ऑफिसर
​सूरज टुडू: द्वितीय चाबी ऑफिसर
​रिया घोष: बैंक ऑफिसर
​अनुज टोप्पो: ब्रांच इंचार्ज
​2 अन्य अज्ञात व्यक्ति

​ध्यान देने योग्य बात यह है कि आरोपी बनाए गए अधिकारियों में से वर्तमान में कोई भी कबीर मेमोरियल शाखा में पदस्थापित नहीं है। यह घटना 12 जून 2024 से 18 जून 2024 के बीच की बताई जा रही है।

पुलिस का बयान
​आजाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह के अनुसार कैनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से 1.10 करोड़ से अधिक मूल्य के गोल्ड पैकेट गायब होने के मामले में रीजनल मैनेजर की शिकायत पर 5 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

Share This Article