धनबाद: उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने गुरुवार को धनबाद अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जनहित के अनुरूप विकसित करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने कार्यालय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चहारदीवारी की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर में उपलब्ध खाली स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए रोजगार सृजन के उद्देश्य से दुकानों के निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धनबाद अंचल कार्यालय परिसर का समुचित विकास कर इसे सुरक्षित, व्यवस्थित और जनउपयोगी बनाया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान परिसर में स्थित जर्जर भवनों का भी अवलोकन किया गया। भवनों की खराब स्थिति को देखते हुए उनके पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए नई योजनाओं के तहत प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।

