डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे सघन जांच और जागरूकता अभियानों का असर अब साफ दिखने लगा है। लगातार जांच के कारण जिले में मलेरिया के नए मामलों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है।
11,985 लोगों की जांच में 69 पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले भर में कुल 11,985 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें से 69 नए संक्रमित पाए गए।
मलेरिया के प्रकार
45 केस: PF (फैलसिपेरम / ब्रेन मलेरिया)
23 केस: PV (सामान्य मलेरिया)
1 केस: मिक्स मलेरिया
पोटका के स्वास्थ्य शिविरों में 25 मरीज मिले
विभाग द्वारा पोटका इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए 48 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 3,526 लोगों के खून की जांच की गई, जिनमें से 25 लोग संक्रमित पाए गए। सभी मरीजों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया है।
सिविल सर्जन की अपील: बुखार आए तो तुरंत कराएं जांच
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल ने कहा कि समय पर जांच, जागरूकता और सही इलाज की वजह से अब मलेरिया मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। पहले जिले में रोजाना 250 से ज्यादा मरीज मिलते थे। लोगों से अपील है कि लापरवाही न बरतें। अगर बुखार के लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपनी जांच कराएं। स्वास्थ्यकर्मी लगातार गांवों में जाकर लोगों को मच्छरदानी के प्रयोग, आसपास साफ-सफाई रखने और जलजमाव न होने देने के लिए जागरूक कर रहे हैं।

