धनबाद – BDO से भिड़ना पड़ा भारी! प्रखंड कार्यालय में बवाल के बाद DC ने प्रधान सहायक को किया तत्काल निलंबित

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद/निरसा: एग्यारकुण्ड प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मधु कुमारी और प्रधान सहायक जितेंद्र कुमार के बीच हुई नोकझोंक के मामले में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद प्रधान सहायक जितेंद्र कुमार को झारखंड सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 2016 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियम-10 के तहत केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही इस अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड कार्यालय, कलियासोल निर्धारित किया गया है।

बताया जा रहा है कि 24 जुलाई को BDO मधु कुमारी ने प्रखंड के पूर्व सचिव स्वर्गीय सनातन टुडू की मृत्यु से संबंधित प्रोग्रेस रिपोर्ट प्रधान सहायक जितेंद्र कुमार से मांगी थी। इस पर उन्होंने कहा कि यह चार वर्ष पुराना मामला है और उस समय उनकी वहां पदस्थापना नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। BDO ने कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें फटकार लगाई, जिसके बाद बहस इतनी बढ़ गई कि पुलिस को बुलाना पड़ा।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने जिला मुख्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के बाद उपायुक्त ने प्रधान सहायक को दोषी मानते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया। फिलहाल प्रखंड कार्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....