बाघमारा: भारत सरकार की ‘ज़ीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद ने बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 261.81 टन अवैध कोयला और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
एरिया-1 (बरोरा) के मुराईडीह खास में छापेमारी कर 76.48 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। एरिया-2 (महुदा) के मछियारा क्षेत्र और हथुडीह जंगल में संयुक्त अभियान के दौरान 64.56 टन कोयला जब्त किया गया। एरिया-3 (गोविंदपुर) के बॉयरवाडीह बस्ती के समीप 60 टन अवैध कोयला बरामद करने के साथ एक अवैध मुहाने को भरकर खनन पर रोक लगाई गई। वहीं, एरिया-4 (कतरास) के कांटा पहाड़ी फुटबॉल ग्राउंड के पास 60.76 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। एरिया-6 में एक मोटरसाइकिल पर लदे लगभग 100 किलोग्राम अवैध कोयले को भी जब्त किया गया।
21 स्थानों पर चला अभियान
सीआईएसएफ ने कुल 21 स्थानों पर सर्च एवं छापेमारी अभियान चलाया, जिनमें से 5 स्थानों पर अवैध कोयला बरामद हुआ। अभियान के दौरान कुल 261.81 टन अवैध कोयला और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन, गश्त, ड्रोन सर्विलांस, क्यूआरटी तैनाती और विशेष वाहन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

