बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जैसे जैसे वोटिंग का दिन नजदीक आ रहा है, चुनावी माहौल और गर्म होता जा रहा है। इस बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है।
कार्रवाई नहीं होने पर धरना
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है, साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्वाचन आयोग इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता है तो उनकी पार्टी आयोग के कार्यालय के बाहर धरना देगी।
भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करने का आरोप
किशोर ने कहा कि पटना जिला प्रशासन ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर पोस्ट किया है कि जीविका दीदियां लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरुक कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविकता यह है कि सरकार से आंशिक मानदेय प्राप्त करने वाली जीविका दीदियां बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को धमकाने की कोशिश
पीके ने आरोप लगाया है कि, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर जीविका दीदियों के माध्यम से दबाव बनाया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि अगर उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया तो उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह गैरकानूनी है। भाजपा को यह बंद करना चाहिए।
सरकारी कार्यक्रम में बीजेपी का झंडा कैसे लग सकता है?
प्रशांत किशोर ने पटना डीएम की पोस्ट को लेकर सवाल उठाया कि सरकारी कार्यक्रम में बीजेपी का झंडा कैसे लग सकता है। उन्होंने इसे साजिश बताया और कहा कि यह स्पष्ट रूप से सत्ता का दुरुपयोग है। जन सुराज ने चुनाव आयोग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

