बेगूसराय बालिका गृह से 5 नाबालिक लड़कियां फरार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बेगूसराय में समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित बालिका गृह से पांच नाबालिग लड़कियों के एक साथ फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़कियों ने दूसरी मंजिल की खिड़की की जाली तोड़ी, दुपट्टों को जोड़कर रस्सी बनाई और करीब 30 फीट नीचे उतरकर फरार हो गईं। इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

सुबह गिनती के दौरान खुलासा

जानकारी के मुताबिक, रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलिया पोखर स्थित बालिका गृह से पांच नाबालिग बच्चियां खिड़की तोड़कर फरार हो गईं। अधिकारियों के अनुसार, पांचों लड़कियों के लापता होने का पता रविवार सुबह चला। सोमवार सुबह जब कर्मचारियों ने उनकी गिनती की तो पांच लड़कियां गायब मिलीं। इसके बाद तुरंत रतनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

एसपी ने वार्डन और कर्मचारियों से की पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खुद बालिका गृह पहुंचे, जहां उन्होंने वार्डन और कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लड़कियां परिसर से बाहर कैसे निकलीं और क्या इसमें कोई साजिश या संलिप्तता थी।

विशेष जांच दल गठित

पुलिस ने लापता नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष जांच दल गठित किए हैं। जिले और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है। साथ ही आश्रय गृह और आसपास के क्षेत्रों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि संभावित सुराग मिल सकें। लड़कियों की बरामदगी के लिए पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

Share This Article