डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : शहर के मानगो थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने हिंसा का तांडव मचाया। वर्कर्स कॉलेज के ठीक सामने 22 वर्षीय युवक राहुल तंतूबाई पर कुछ युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। राहुल के शरीर पर चाकू के कई वार किए गए हैं, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
अचानक हमले से मची अफरातफरी
पंजाबी लाइन का रहने वाला राहुल तंतूबाई जैसे ही कॉलेज के समीप पहुंचा, तभी घात लगाए आरोपियों ने उसे घेर लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने हथियार निकाल लिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पड़ोस के ही रहने वाले 17 वर्षीय रौशन मछुआ और रवि गोराई ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। रौशन के हाथ में धारदार चाकू था, जिससे उसने राहुल पर ताबड़तोड़ कई हमले किए। अचानक हुए इस खूनी खेल से इलाके में भगदड़ मच गई और दहशत का माहौल कायम हो गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
वारदात की खबर मिलते ही मानगो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ राहुल को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई तात्कालिक विवाद, इसका खुलासा राहुल का बयान दर्ज होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरी वारदात का घटनाक्रम साफ हो सके।

