30 जुलाई से सावन के पवित्र महीने की शुरूआत होने जा रही है। इसके साथ ही श्रावणी मेले का भी शुभारंभ हो जाएगा। श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले श्रद्धालुओं को रेलवे ने खास तोहफा दिया। उनके लिए 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जायेंगी। श्रावणी मेले के दौरान ट्रेनों में जुटने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
कांवरियों की सुगम यात्रा के लिए रेलवे तत्पर
श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ी घोषणा की है। रेलवे की ओर से कांवरियों की सुगम यात्रा के लिए 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल के CPRO सरस्वती चंद्र ने बताया कि इन ट्रेनों का परिचालन जुलाई से अगस्त तक होगा। इससे बिहार, झारखंड, यूपी और बंगाल के लाखों शिवभक्तों को देवघर जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।
इन ट्रेनों का टाइम टेबल जारी
रेलवे की ओर से इन ट्रेनों का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। ये ट्रेनें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे पटना, जयनगर, रक्सौल, रांची, गोरखपुर, हावड़ा और आसनसोल को सीधे देवघर, जसीडीह और सुल्तानगंज से जोड़ेंगी। अगर आप भी सावन में कांवर यात्रा या बाबा धाम दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो नीचे दी गई स्पेशल ट्रेनों की पूरी सूची और समयसारणी जरूर नोट कर लें।
इन स्पेशल ट्रेनों का होगा परिचालन
- (गाड़ी नंबर- 05573) राघोपुर-देवघर स्पेशल 28 जुलाई से 31 अगस्त तक हर दिन राघोपुर से 02.50 बजे खुलकर 11.20 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में (गाड़ी नंबर- 05574) देवघर-राघोपुर स्पेशल 28 जुलाई से 31 अगस्त तक हर रोज देवघर से 11.35 बजे खुलकर 22.50 बजे राघोपुर पहुंचेगी।
- (गाड़ी नंबर- 03236/03235) दानापुर-साहिबगंज-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल 2 अगस्त से 30 अगस्त तक हर रविवार को परिचालन किया जायेगा।
- (गाड़ी नंबर- 03297) पटना-इस्लामपुर श्रावणी मेला स्पेशल 26 जुलाई से 29 सितंबर तक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को पटना जंक्शन से 16.10 बजे खुलेगी और 19.00 बजे इस्लामपुर पहुंचेगी। (गाड़ी नंबर- 03298) इस्लामपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई से 30 सितंबर तक हर बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को इसलामपुर से 07.45 बजे खुलकर 11.00 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
- (गाड़ी नंबर- 03001) हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल 05 जुलाई से 29 सितंबर तक हर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को हावड़ा से 23.50 बजे खुलकर अगले दिन 12.00 बजे नटेसर पहुंचेगी। वापसी में (गाड़ी नंबर- 03002) नटेसर-हावड़ा स्पेशल 06 जुलाई से 30 सितंबर तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को नटेसर से 13.00 बजे खुलकर अगले दिन 04.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
- (गाड़ी नंबर- 03511) आसनसोल-पटना मेला स्पेशल 29 जुलाई से 29 अगस्त तक आसनसोल से 17.00 बजे खुलकर अगले दिन 02.30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में 03512 स्पेशल ट्रेन 30 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन पटना जंक्शनसे 03.30 बजे खुलकर 13.00 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
- (गाड़ी नंबर- 05545/05546) रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक हर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार तक चलेगी। ट्रेन रक्सौल से रात 00.30 बजे खुलकर उसी दिन शाम 17.05 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में देवघर से शाम 18.05 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 11.40 बजे रक्सौल पहुंचेगी।

