​कोल्हान विवि को मिला सबसे युवा रजिस्ट्रार! जानिए कौन हैं जूलॉजी के प्रोफेसर डॉ. अमर कुमार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गलियारे में बड़ा बदलाव हुआ है। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में जूलॉजी विभाग के शिक्षक डॉ. अमर कुमार को विश्वविद्यालय का नया प्रभारी रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है। कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के हस्ताक्षर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

सरकार की नई व्यवस्था के तहत पहला मनोनयन
राज्य में उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार यह नियुक्ति की गई है। राज्य विश्वविद्यालय आयोग के गठन के बाद पहली बार इस पद पर सरकार के स्तर से यह फैसला लिया गया है, इससे पहले प्रभारी रजिस्ट्रार का चयन राजभवन (राज्यपाल) के स्तर से होता था।

मुख्य बिंदु
कार्यकाल: डॉ. अमर कुमार की यह नियुक्ति अधिकतम छह महीने या स्थायी रजिस्ट्रार की नियुक्ति होने (जो भी पहले हो) तक के लिए मान्य रहेगी।
भत्ता: नए दायित्व के लिए उन्हें कोई अतिरिक्त वित्तीय भत्ता नहीं दिया जाएगा।
उपलब्धि: डॉ. अमर कुमार कोल्हान विवि के इतिहास में अब तक के सबसे युवा रजिस्ट्रार बने हैं। वे वर्तमान में विवि के सीनेट सदस्य भी हैं।

जिम्मेदारी पर बोले नए रजिस्ट्रार
अपनी नियुक्ति के बाद डॉ. अमर कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे और विश्वविद्यालय के कामकाज को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

क्यों खाली हुआ था पद?
गौरतलब है कि इससे पहले डॉ. आरके कर्ण प्रभारी रजिस्ट्रार का पद संभाल रहे थे। उच्च शिक्षा विभाग ने नियमों के अनदेखी और विभागीय मानकों के विपरीत कार्य करने के आरोपों के चलते उन्हें पद से मुक्त कर दिया था, जिसके बाद यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।

Share This Article