बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर से प्रत्याशी प्रशांत किशोर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। जनता दल (यू) के विधान पार्षद एवं मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर के खिलाफ शास्त्रीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पीके ने नीतीश कुमार के वीडियो संदेश को बताया था फेक
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर के उस बयान के खिलाफ मामला दर्ज कराया है जिसमें पीके ने नीतीश कुमार के वीडियो संदेश को फेक बताया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक प्रामाणिक वीडियो संदेश को लेकर भ्रामक और भड़काऊ बयान दिए हैं, जिससे मतदाताओं को गुमराह करने और चुनावी माहौल प्रभावित करने की कोशिश की गई है।
बौखलाहट में अनाप-शनाप बयानबाजी करने का आरोप
नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के एक अपील से प्रशांत किशोर बौखला गए हैं। बौखलाहट में वह अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। अगर नीतीश कुमार को कोई छेड़ेगा तो हम उनको छोड़ेंगे नहीं। नीरज कुमार ने कहा कि हमने आज जो शिकायत दर्ज कराई है उसमें नियम अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। नीरज कुमार ने आगे कहा अगर प्रशांत किशोर समझते हैं कि वह नीतीश कुमार को घेरेंगे तो उनको जवाब भी मिलेगा।
क्या है पीके का आरोप?
प्रशांत किशोर ने कहा कि वे बांकीपुर के मतदाताओं को एक बेहद अहम बात बताना चाहते हैं. उन्होंने दावा किया कि एनडीए द्वारा जारी किया गया पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वीडियो पूरी तरह से फेक है और इसे एआई की मदद से तैयार किया गया है। नीतीश बाबू ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। पीके ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि 202 विधायकों, मंत्रियों, सांसदों और पूरे सरकारी तंत्र को लगाने के बाद भी वे डरे हुए हैं। जिस नीतीश कुमार का चेहरा इन लोगों ने बिहार के सभी सरकारी और राजनीतिक पोस्टरों से हटा दिया था, अब हार के डर से उन्हीं के समर्थकों को साधने के लिए यह हास्यास्पद तरीका अपनाया गया है।

