मोरहाबादी से जयपाल सिंह स्टेडियम शिफ्ट हुआ छात्र आंदोलन, निकलेगा संविधान मार्च
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। छात्र पूरे दिन रांची के मोरहाबादी मैदान में डटे रहे और भर्ती प्रक्रियाओं की सीबीआई जांच की मांग दोहराते रहे। हालांकि, डूरंड कप के आयोजन और प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण आंदोलन स्थल को मोरहाबादी मैदान से जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप स्थानांतरित कर दिया गया है। अब बुधवार से छात्र वहीं से अपना आंदोलन जारी रखेंगे। नए स्थल पर आंदोलन के लिए टेंट भी लगाया गया है।
छात्र संगठनों ने बुधवार, 29 जुलाई को संविधान मार्च निकालने की घोषणा की है। यह मार्च दोपहर 3 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम परिसर से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगा। छात्रों का कहना है कि मार्च के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा और राज्य सरकार से भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्र पिछले चार दिनों से सत्याग्रह पर बैठे हैं, लेकिन अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई मंत्री या वरिष्ठ अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांग JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए कथित मामलों की स्वतंत्र एजेंसी, विशेषकर सीबीआई से जांच कराना है।
इधर, धनबाद के तोपचांची में आयोजित झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो ने आंदोलन का समर्थन करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी संविधान मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होकर छात्रों की मांगों के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।

