घरेलू विवाद से तंग आकर महिला ने बच्चों संग गंगा में लगाई छलांग, स्थानीय लोगों ने ऐसे बचाई सांसे

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित नमामि गंगे घाट पर शाम एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया। पारिवारिक कलह से तंग आकर एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ गंगा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, वहां मौजूद सतर्क स्थानीय लोगों की त्वरित सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और तीनों की जान बाल-बाल बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तालबन्ना निवासी आजाद यादव की पत्नी अचानक अपने दोनों बच्चों को लेकर घाट पर पहुंची और बिना किसी को कुछ बताए नदी में कूद गई। महिला को बच्चों समेत पानी में डूबते देख घाट पर हड़कंप मच गया। बिना एक पल गंवाए कुछ स्थानीय तैराक और लोग अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत गंगा में कूदे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही गंगा नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए महिला और बच्चों से पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह खौफनाक कदम घरेलू कलह और पारिवारिक विवाद के चलते उठाया गया।

गंगा नदी थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला और दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राथमिक पूछताछ के बाद तीनों को उनके घर भेज दिया गया है। पुलिस महिला के पति आजाद यादव से संपर्क साधने और विवाद के असली कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, और हर कोई इस मां के इस खौफनाक कदम पर अपनी हैरानी जता रहा था।

Advertisement
Share This Article