कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर सीआईएसएफ का शिकंजा, धनबाद कोयलांचल में चला विशेष वाहन जांच अभियान

KK Sagar
1 Min Read

बाघमारा: भारत सरकार की “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” के प्रभावी क्रियान्वयन और कोयला चोरी, अवैध परिवहन एवं अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद ने धनबाद कोयलांचल के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान एमएमडीआर अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत संचालित किया गया।

अभियान के दौरान प्रमुख चेक पोस्ट, रेलवे साइडिंग, कोयला डंप और परिवहन मार्गों पर नाकाबंदी कर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही कई वाहनों का एम-परिवहन (M-Transport) ऐप के माध्यम से सत्यापन भी किया गया, ताकि परिवहन की वैधता सुनिश्चित की जा सके।

सीआईएसएफ की टीम ने बरोरा, गोविंदपुर, सिजुआ, धनसार, पुटकी, बस्ताकोला, जेलगोड़ा, भौरा, सीवी, बाघमारा तथा एमएनडीपी वाशरी गेट-कम-चेक पोस्ट समेत विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 187 कोयला-लदे वाहनों की जांच की। इनमें से 145 वाहनों का एम-परिवहन ऐप के माध्यम से सत्यापन किया गया।

जांच के दौरान किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध वाहन, अवैध परिवहन या दस्तावेजी विसंगति सामने नहीं आई। सभी जांचे गए वाहनों के दस्तावेज वैध पाए गए।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....