पटना के बांकीपुर सीट पर उपचुनाव खत्म हो चुका है। कुल 25 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गयी। 3 अगस्त को मतों की गिनती के बाद नतीजे सामने आएंगे। इससे पहले एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। अधिकतर सर्वे में बांकीपुर से जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत का अनुमान लगाया गया है। इसी बीच आरोप-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है। चुनाव खत्म होने के बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने चुनाव में धांधली और हिंसा को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
चुनाव जीतने के लिए हर गलत हथकंडा अपनाती है बीजेपी-रोहिणी
उपचुनाव के दौरान हुए मारपीट और हंगामे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर हमला बोला है। रोहिणी आचार्य ने कहा हैकि बीजेपी का चुनाव जीतने का एक हथकंडा अलग होता है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए हर गलत हथकंडा अपनाती है बीजेपी।
मतदान में धांधली और हिंसा के गंभीर आरोप
रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा कि मतदान के दौरान विरोधी दल के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट। निष्पक्ष मतदान का प्रयास कर रहे विरोधी दल के कार्यकर्ताओं-समर्थकों-पोलिंग एजेंट्स को अपने गुंडों की मदद से रोकना। सरकारी मशीनरी-पुलिस व सुरक्षा बल की मदद से विरोध के संभावित मतदाताओं को मतदान केंद्र तक नहीं पहुँचने देना, बूथ पर कब्ज़ा करना, चुनाव आयोग की मदद से मतदान की गति- प्रक्रिया को ईवीएम में खराबी के बहाने धीमा व बंद करा देना, जैसे तमाम गलत हथकंडे हैं, जिनका खुलेआम इस्तेमाल पहले भी करती आयी है बीजेपी और आज भी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जमकर किया।
बीजेपी के गुंडों द्वारा मेरी हत्या की कोशिश की गयी थी-रोहिणी
रोहिणी आचार्य ने 2024 के लोकसभा चुनाव को भी याद किया। उन्होंने कहा, जब मैं खुद सारण से प्रत्याशी थी, तो मैंने बीजेपी को इन गैरकानूनी तौर-तरीकों का इस्तेमाल करते देखा है। मतदान केंद्र पर जारी धांधली पर आपत्ति करने के दौरान छपरा शहर के एक बूथ पर तो मुझ पर भी बीजेपी के गुंडों के द्वारा हमला करने, मेरी हत्या करने की कोशिश की गयी थी। मुझे भद्दी – गंदी गालियां दी गयीं थीं। रोड़े-पत्थर फेंके गए थे। और हद तो तब हो गयी थी जब मतदान के ठीक एक दिन बाद बीजेपी के द्वारा भेजे गए गुंडों के द्वारा मेरे एक युवा साथी-कार्यकर्त्ता चंदन यादव की गोली मार कर निर्मम हत्या कर दी गयी थी।
जनमत से बीजेपी का कोई सरोकार नहीं-रोहिणी
रोहिणी ने आगे कहा कि, लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि होता है, मगर इससे बीजेपी का कभी कोई सरोकार नहीं रहा है। कुछ महीने पहले बंगाल में और आज बांकीपुर में इसका मुजाहिरा एक दफा फिर से बीजेपी ने कर दिया है।

