भोजपुर के बिलौटी में चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई हुई है। गोली चलाने के आरोपी एसटीएफ जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरा एसपी राज ने इसकी पुष्टि की है। अक्षय वही जवान है जिसपर भरत तिवारी की मां ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी जवान को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
45 दिन पहले हुए एनकाउंटर के बाद पहला एक्शन
भरत तिवारी का एनकाउंटर 45 दिन पहले हुआ था। जिसके बाद अब पहला एक्शन हुआ है। बताया जा रहा है कि भरत तिवारी को पहली गोली मारने वाले एसटीएफ जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार ने राहत और संतोष व्यक्त किया है। परिवार का कहना है कि अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। भारत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि बेटे की हत्या के बाद से उनका परिवार लगातार सरकार और न्यायालय से सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग करता रहा है। उनके अनुसार करीब डेढ़ महीने बाद हुई यह कार्रवाई परिवार के लिए राहत देने वाली है।
हाल ही में भरत के परिजन से मिले थे सीएम
बता दें कि हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिजनों को पटना बुलाकर मुलाकात की थी। इसके साथ ही सीएम सम्राट ने जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ और एसडीएम पर बड़ा एक्शन भी लिया था। उन्होंने भरत तिवारी एनकाउंटर के आरोपी एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को वापस पुलिस मुख्यालय भेज दिया। हाल ही में उन्हें सरकार ने मद्य निषेध विभाग में डीएसपी बनाया था। सम्राट चौधरी ने जगदीशपुर के एसडीओ संजीत कुमार को भी वहां से हटा दिया। संजीत अब सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान दे रहे हैं। इनकी भूमिका भी भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में संदिग्ध बताई जा रही थी।
सरेंडर के बाद गोली मारने का आरोप
बता दें कि जिस वक्त भरत का एनकाउंटर हुआ था। उस वक्त वह फेसबुक पर लाइव थे। भरत तिवारी के एनकाउंटर के मामले में उनके परिजनों ने आरोप लगाया था कि भरत ने सरेंडर कर दिया था। लेकिन उसके बाद भी पुलिस की तरफ से गोलियां मारी गई थी। पहली गोली अक्षय कुमार की तरफ से ही चलाई गई थी। जिसके बाद मौके पर उसे तीन और गोलियां लगी थी। एनकाउंटर की जांच के बाद STF जवान अक्षय कुमार को लगातार जांच के लिए बुलाया जा रहा था। अब पुलिस ने उसे आरा से गिरफ्तार कर लिया है।

