धनबाद: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो शुक्रवार को सियालजोरी इलेक्ट्रो स्टील धरना मामले में धनबाद व्यवहार न्यायालय पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने खिलाफ दर्ज मामले, JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन और धनबाद में हाल में हुई ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी।
जयराम महतो ने कहा कि सियालजोरी स्थित इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम केवल पोस्टर में होने की वजह से शामिल किया गया है। इसी मामले में उन्हें न्यायालय में पेश होना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं और न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग दे रहे हैं।
रांची में चल रहे JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि छात्रों ने पहले ही निर्णय लिया था कि आंदोलन के मंच पर किसी भी राजनीतिक दल या नेता को जगह नहीं दी जाएगी। छात्रों के इस फैसले का सम्मान करते हुए उन्होंने मंच साझा नहीं किया, लेकिन उनकी मांगों के समर्थन में हरसंभव सहयोग किया। उन्होंने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो लगातार आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं और छात्रों के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
धनबाद में हाल ही में हुई ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम महतो ने कहा कि जिन लोगों ने गलत तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित की है, उनके खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई होना स्वाभाविक है। इस दौरान उन्होंने धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो का नाम लेते हुए कहा कि यदि किसी को ED की कार्रवाई से बचना है तो दिल्ली जाकर NDA का दामन थाम लेना चाहिए।
जयराम महतो के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाज़ी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

