मेरी लाश पर हटेगा बारामुड़ी खटाल, पप्पू यादव की प्रशासन को खुली चुनौती, धनबाद से रांची तक मार्च की चेतावनी

Reena Sharma
4 Min Read

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने धनबाद के बारामुड़ी में खटाल हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया है। बुधवार को धनबाद पहुंचे सांसद ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जमीन की बढ़ती कीमत के कारण उसे भू-माफिया के हवाले करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खटाल संचालकों को किसी भी कीमत पर उनके हक से बेदखल नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो वे धनबाद से रांची तक पैदल मार्च करेंगे।

खटाल हटाने की कार्रवाई पर प्रशासन को चेतावनी

बारामुड़ी में खटाल हटाने के लिए धनबाद जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू की गई है। इसका विभिन्न राजनीतिक दल विरोध कर रहे हैं। इसी के विरोध में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पप्पू यादव धनबाद पहुंचे।

उन्होंने कहा कि खटाल हटाने की कार्रवाई उनकी लाश पर ही हो सकती है। उनके अनुसार, खटाल संचालकों का मुद्दा केवल जमीन का नहीं, बल्कि उनकी संस्कृति और आजीविका से जुड़ा है।

हेमंत सोरेन से हुई बातचीत, पहल का मिला आश्वासन

पप्पू यादव ने बताया कि बारामुड़ी खटाल के मामले में उनकी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस मामले में पहल करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि खटाल संचालक लंबे समय से यहां रह रहे हैं और खटाल उनकी संस्कृति और जीवनशैली का हिस्सा है। वे अपनी संस्कृति और आजीविका के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

राहुल-प्रियंका से बातचीत का दावा, भाजपा पर साधा निशाना

उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी उनकी बातचीत हुई है। पप्पू यादव ने भाजपा पर इस मामले में कांग्रेस और हेमंत सरकार को बेवजह घेरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खटाल के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।

कई समुदायों की आजीविका से जुड़ा है खटाल का मामला

सांसद ने कहा कि बारामुड़ी के खटाल में केवल यादव समुदाय के लोग नहीं रहते, बल्कि आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय के परिवार भी जुड़े हुए हैं। इसलिए यह मामला किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि कई परिवारों की आजीविका और अधिकारों से संबंधित है।

उन्होंने भाजपा पर झारखंड के हितों को लेकर भी निशाना साधा। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड की रॉयल्टी का उचित हक नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे इस मुद्दे पर भी आवाज उठाएंगे। सांसद ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी से बातचीत करने की बात भी कही।

एसआईआर पर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से पूछे सवाल

एसआईआर के मुद्दे पर पप्पू यादव ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने अमित शाह के कथित तौर पर तीन करोड़ लोगों के नाम एसआईआर से कटने संबंधी बयान का जिक्र करते हुए पूछा कि सरकार स्पष्ट करे कि ये लोग कौन हैं। उन्होंने कहा कि यदि वे बाहरी हैं, तो सरकार को इस संबंध में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।

Share This Article