बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पीके का बड़ा हमला, पटना एसएसपी पर लगाए गंभीर आरोप

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना से ठीक पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाया है। पीके ने इसकी शिकायत मुख्य निर्वाची अधिकारी से की है। चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

मतदाताओं को परेशान करने का आरोप

प्रशांत किशोर ने कहा कि मतदान के दौरान बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प को लेकर उन्होंने चुनाव अधिकारियों से शिकायत की है। उनका आरोप है कि चुनाव के दिन का माहौल पूरी तरह निष्पक्ष नहीं था और कई जगहों पर मतदाताओं तथा कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें कई पटना के स्थानीय निवासी थे। पुलिस ने जबरन घरों में घुसकर लोगों को उठाया। कई स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि उन्हें बिना उचित कारण के घर से उठकर थाने ले जाया गया।

पटना एसएसपी पर गंभीर आरोप

प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना के एसएसपी कार्तिकेय क. शर्मा का यह तर्क कि बाहरी लोगों को चुनावी गतिविधियों में शामिल होने के कारण हिरासत में लिया गया, पूरी तरह गलत है। प्रशांत किशोर ने कहा, पटना के एसएसपी और उनके अधीनस्त पुलिस पदाधिकारियों द्वारा पूरे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए जिस तरह की कार्रवाई की गई है, मतदाताओं को डराया गया है, बिना किसी वजह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने पटना के एसएसपी को पूरी तरह अनप्रोफेशनल बताते हुए कहा कि यही अधिकारी पहले नीट छात्रा मामले में भी उसे आत्महत्या करार दे चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दिन एसएसपी ने उनका एक भी फोन नहीं उठाया, जबकि पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने हर बार उनका फोन रिसीव किया।

दिल्ली जाकर भी चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे पीके

प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया कि भाजपा के लोगों ने भी पटना के एसएसपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उनकी पार्टी दिल्ली जाकर भी चुनाव आयोग से शिकायत करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के डीजीपी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि 3 अगस्त को होने वाली मतगणना में पटना के एसएसपी की कोई भूमिका नहीं होगी। उन्होंने पटना जिले के थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्होंने नियमों के विरुद्ध कार्रवाई की है तो उनके एसएसपी उन्हें नहीं बचा पाएंगे। 

चुनाव के दौरान पुलिस अधिकारी से हुई थी नोंकझोक

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक एक दिन पहले और मतदान के दिन भी प्रशांत किशोर और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी नोकझोक देखने को मिली थी। जन सुराज के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रशांत किशोर बुधवार देर रात सीधे जक्कनपुर थाना पहुंच गए थे। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद थे। थाने में पुलिस अधिकारियों और प्रशांत किशोर के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो भी वायरल हुआ था।

Share This Article