बिहार के औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया। इस मामले में उनके ही चालक मिथिलेश कुमार की संलिप्तता पाई गई है। पटना जाने के दौरान नहर मार्ग पर हुए विवाद के बाद अधिकारी के ही ड्राइवर मिथिलेश कुमार ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
ड्राइवर ने अपराध स्वीकार किया
बारुण थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सख्ती के बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा अधिक ड्यूटी लेने और लगातार दबाव बनाए रखने के कारण मानसिक तनाव में था। घटना वाले दिन डेहरी से पटना जाते समय भी उसने शाम होने के बाद जाने से मना किया था। उसने खाना भी नहीं खाया था, लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी ने उसे डांटते हुए साथ चलने को कहा।
रास्ते में गाड़ी रोक रॉड से किया वार
चालक के अनुसार, देर रात बारुण थाना क्षेत्र के बारुण-दाउदनगर-पटना नहर रोड स्थित लख डिहरा गांव के पास उसने पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकी। तब भी ईओ ने उसे डांटा। इससे उसका गुस्सा और बढ़ गया। उसने गाड़ी के पीछे रखी टायर खोलने वाली रॉड निकाली और पहले गाड़ी पर मारा। इसके बाद गाड़ी से ईओ निकले तो सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने लगातार कई वार किए, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
मामले की जड़ तक जाने की कोशिश में पुलिस
आरोपी स्कॉर्पियो ड्राइवर की गिरफ्तारी हो चुकी है, फिर भी पुलिस केवल इसे तात्कालिक विवाद मानकर नहीं चल रही है। जांच टीम इस बात का पता लगा रही है कि क्या इस वारदात के पीछे कोई सोची-समझी साजिश या प्रशासनिक रंजिश तो नहीं थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
देर रात कार्यक्रम से लौटते समय हुई हत्या
इससे पहले खबर आई थी कि डेहरी नगर परिषद् के कार्यपालक अधिकारी विमल कुमार की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। विमल कुमार डेहरी स्थित ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में आयोजित “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे सरकारी वाहन से पटना के लिए रवाना हुए थे। ड्राइवर की ओर से यह बताया गया कि औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित धनौती पुल के समीप घात लगाए अपराधियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। और गाड़ी रुकवा कर विमाल कुमार पर हमला बोल दिया।

