डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह राम भरोसे नजर आ रही है। ओलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई में बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए दवा खरीदकर घर लौट रही एक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
दवा लेकर लौट रही थीं मंजू देवी, जंगल में घसीटा
जानकारी के मुताबिक शंकोसाई से मंजू देवी दवा खरीदकर पैदल तुरियाबेड़ा स्थित अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर घात लगाए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने जबरन उन्हें पास के जंगल की तरफ घसीटा और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन और कान की बाली छीन ली। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोग, अस्पताल में इलाज जारी
लूटपाट के बाद तीनों बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। पीड़ित महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अंधेरे का फायदा उठा रहे बेखौफ अपराधी
स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिस रास्ते पर यह वारदात हुई, वहां लंबे समय से स्ट्रीट लाइट्स खराब पड़ी हैं। पुलिस गश्त न के बराबर होने के कारण अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर आए दिन महिलाओं को निशाना बना रहे हैं।

