डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को छात्रों के उग्र प्रदर्शन के दौरान अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ चल रहे विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने छात्र नेता नेहा बोरा पर अचानक स्याही फेंक दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और प्रदर्शन स्थल पर काफी देर तक तनाव बना रहा।
सुरक्षाबलों ने आरोपी को मौके पर दबोचा
स्याही फेंके जाने के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य छात्रों और सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी युवक को घेरकर पकड़ लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को संभाला और युवक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने यह कदम किसी व्यक्तिगत रंजिश के कारण उठाया या इसके पीछे किसी संगठन या व्यक्ति की साजिश है।

पेपर लीक और धांधली के खिलाफ सड़कों पर हैं छात्र
बता दे कि राज्य में परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के गंभीर आरोपों को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांगें हैं
भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता लागू की जाए। कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच हो। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल
विधानसभा घेराव जैसे अति-संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल विरोध प्रदर्शन के दौरान इस तरह की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा।

ADVERTISEMENT

