धनबाद/निरसा। डीवीसी पंचेत प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के क्वार्टरों को तोड़े जाने और जबरन खाली कराए जाने के विरोध में गुरुवार को पंचेत के आम नागरिकों ने विरोध सभा और प्रदर्शन किया। दुर्गा मंदिर स्थित रिक्रिएशन क्लब के समीप आयोजित प्रदर्शन में क्षेत्र के करीब 500 लोग शामिल हुए। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
प्रदर्शन की शुरुआत दुर्गा मंदिर से हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी संयुक्त भवन, कंबाइंड बिल्डिंग होते हुए छाता मोड़ पहुंचे। वहां से सभी लोग वापस दुर्गा मंदिर स्थित रिक्रिएशन क्लब के समीप पहुंचे।
इस दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से एकजुट होकर डीवीसी प्रबंधन द्वारा क्वार्टरों को तोड़े जाने और उन्हें जबरन खाली कराने के प्रस्ताव का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध सभा के दौरान लोगों से इस लड़ाई को धारदार बनाने के लिए एकजुट रहने की अपील की गई। साथ ही क्वार्टरों को तोड़े जाने और जबरन खाली कराने के विरोध में आर-पार की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया गया।

