रांची: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। इसी आंदोलन के तहत छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 को तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। आंदोलनकारियों ने झारखंड के छात्र-युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।
सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होगी यात्रा
आंदोलनरत छात्रों के अनुसार, 15 अगस्त को सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा शुरू होगी। यात्रा कचहरी चौक, सर्कुलर रोड, लालपुर चौक और प्लाजा चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेगी। आंदोलनकारियों ने बताया कि अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया जाएगा।
मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध
छात्रों का कहना है कि JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान जारी है। आंदोलनकारियों के मुताबिक, सरकार की ओर से छात्रों और अभ्यर्थियों की मांगों पर अब तक ठोस पहल नहीं किए जाने के कारण स्वतंत्रता दिवस के दिन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।
देवेन्द्र नाथ महतो की भूख हड़ताल जारी
आंदोलन के प्रमुख छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो सदर अस्पताल में उपचाररत होने के बावजूद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनकी भूख हड़ताल का 13वां दिन भी जारी रहा। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद उन्होंने छात्रों के अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है। हाल ही में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अस्पताल पहुंचकर देवेन्द्र नाथ महतो से मुलाकात भी की थी।
छात्र-युवाओं से तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील
सदर अस्पताल से देवेन्द्र नाथ महतो ने झारखंड के छात्र-युवाओं से 15 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष छात्रों के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान के साथ संविधान, लोकतंत्र, न्याय और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। आंदोलनकारियों ने झारखंड के सभी छात्र-युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 15 अगस्त को सुबह 10 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर तिरंगा यात्रा को सफल बनाएं।

