धनबाद स्टेशन पर 29.8 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 29.8 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 7,480 रुपये बतायी गयी है। दोनों आरोपी शराब को धनबाद से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में थे।

आरपीएफ के अनुसार, 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो के कालका छोर स्थित सीएंडडब्ल्यू कार्यालय के पीछे गश्त के दौरान दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग लेकर जाते दिखे। संदेह होने पर आरपीएफ की टीम ने दोनों को रोका और बैग की तलाशी ली। पूछताछ में दोनों ने बैग में अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार की।

तलाशी के दौरान दोनों बैग से 24 बोतल Kingfisher Strong Premium Beer, 14 बोतल Tiger Premium और 50 बोतल Royal Jharkhand Deluxe शराब बरामद की गयी। सभी शराब की बोतलों पर ‘For Sale in Jharkhand Only’ लिखा हुआ था। शराब के संबंध में दोनों कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धनबाद से शराब लेकर बिहार जाते और वहां अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते। इसके बाद आरपीएफ ने शराब को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जानकारी उनके परिजनों को दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू कुमार (30), निवासी दाईघाट, थाना आलमगंज, पटना और अशोक कुमार (64), निवासी दाईघाट, थाना आलमगंज, पटना के रूप में हुई है। जब्त शराब और दोनों आरोपियों को आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद निरीक्षक, धनबाद को लिखित शिकायत दी गयी है।

Share This Article