पटना के आदिलपुर में बड़ा हादसा गंगा में नहाने के दौरान तीन 15 वर्षीय किशोर डूब गए, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार की राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन 15 वर्षीय किशोर डूब गए। तीनों एक ही गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त थे। बताया जा रहा है कि जगमाल बीघा गांव से छह दोस्त रविवार सुबह करीब 9:30 बजे गंगा में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अंकुश गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए रौनक और सुंदरम भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों नदी में लापता हो गए। डूबने वाले किशोरों की पहचान अंकुश, पिता जितेंद्र सिंह, रौनक, पिता राजीव सिंह और सुंदरम, पिता रत्नेश सिंह के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने नदी में तीनों की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने की बात कही है। इसके बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और मोटरबोट समेत अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें भी सामने आ रही हैं।

तीनों किशोर पढ़ाई करते थे और इसी वर्ष 11वीं कक्षा में पहुंचे थे। अंकुश अपने परिवार में बड़ा बेटा था और उसका एक छोटा भाई है, जबकि रौनक और सुंदरम अपने-अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। फिलहाल तीनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और SDRF की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही तीनों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पूरे जगमाल बीघा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन अपने बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

TAGGED:
Share This Article