धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में निरंकारी चौक और कुरमडी चौक के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक कथित तौर पर लेवी वसूलने के लिए इलाके में पहुंचे थे। पुलिस को इसकी सूचना पहले ही मिल गई थी, जिसके बाद गश्ती टीम इलाके में सक्रिय थी और संदिग्धों पर नजर रख रही थी। पुलिस का कहना है कि आमना-सामना होते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो संदिग्धों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान वासेपुर निवासी इरफान आलम और पुटकी निवासी नन्हे अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, तीसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस मोबाइल फोन की जांच के जरिए आरोपियों के संपर्क और उनके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के गोपी खान के संपर्क में होने की आशंका जताई जा रही है। गोपी खान को कथित तौर पर प्रिंस खान का भाई बताया जाता है। हालांकि, इस कनेक्शन की पुलिस अभी जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की संभावना है।

