डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर नियम अनुसार शीघ्र और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जन शिकायत निवारण में मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति, जन्म प्रमाण पत्र, जमीन विवाद, राशन, पेंशन, आवास, अतिक्रमण, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज), स्वास्थ्य, जाति व आय प्रमाण पत्र, सड़क, बिजली और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं सामने आई। उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का सीधे और समयबद्ध समाधान करना है।
अधिकारियों को निर्देश
प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन: सभी आवेदनों का निपटारा बिना किसी अनावश्यक देरी के किया जाए।
विभागीय समन्वय: जिन मामलों में जमीनी निरीक्षण या अन्य विभागों की मदद की जरूरत हो, वहां आपसी तालमेल से काम पूरा करें।
संवेदनशीलता: प्रशासनिक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की बात सुनें और राहत पहुंचाएं।

