कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर अब दो पालियों में मिलेगा आरक्षण टिकट

Reena Sharma
2 Min Read

निरसा, धनबाद। कुमारधुबी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार से आरक्षण काउंटर दो पालियों में संचालित होने लगा है। अब यात्रियों को रिजर्वेशन टिकट लेने या टिकट कैंसिल कराने के लिए बराकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

धनबाद सांसद ढुलू महतो की पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुमारधुबी स्टेशन के PRS काउंटर को दो पालियों में संचालित करने की स्वीकृति दी थी। इसके बाद आसनसोल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया।

अब तक कुमारधुबी स्टेशन का PRS काउंटर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खुलता था। दूसरी पाली शुरू होने के बाद अब दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी आरक्षण और टिकट रद्द कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे कुमारधुबी सहित आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही स्टेशन के राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों ने सांसद ढुलू महतो की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया है। बताया गया कि हाल ही में भाजपा नेता अशोक मंडल, जय प्रकाश सिंह और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने आसनसोल के DRM संग्रह मौर्य से मुलाकात कर सांसद का पत्र सौंपा था। इसके बाद PRS काउंटर को दो पालियों में संचालित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

अमृत भारत योजना से बदलेगी स्टेशन की तस्वीर

कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का विकास अमृत भारत योजना के तहत किया जा रहा है। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन परिसर में फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, नई बिल्डिंग और स्टेशन रोड का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए गतिशक्ति के माध्यम से सर्वे भी पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इससे आने वाले समय में कुमारधुबी स्टेशन की यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Share This Article