रेलवे कर्मचारी के बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, 20 लाख के गहने और 50 हजार नकद गायब

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। यमुना विहार कॉलोनी, बरमसिया फुटबॉल मैदान के समीप रहने वाले रेलवे कर्मचारी सुधीर कुमार प्रसाद के घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है।

घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब सुबह घर की देखरेख करने वाली महिला वहां पहुंची और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया। बताया जा रहा है कि सप्तमी पूजा के लिए सुधीर कुमार प्रसाद अपने पूरे परिवार के साथ बिहार के गोपालगंज गए हुए थे। हाल ही में उनके छोटे बेटे की शादी भी हुई थी, जिसके चलते घर में बड़ी मात्रा में जेवरात रखे हुए थे।

सुबह देखरेख करने वाली महिला ने दरवाजे का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना दोपहर में रिश्तेदारों के घर पहुंचने पर अंदर का पूरा सामान बिखरा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के कई घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गृहस्वामी सुधीर प्रसाद के देर रात तक धनबाद पहुंचने की बात कही जा रही है। लाखों रुपये की इस चोरी की वारदात के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस के मौके पर पहुंचकर जांच करने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Share This Article