पलामू क्षेत्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता–2026: विजेताओं का हुआ भव्य सम्मान

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ब्लॉक-B कॉन्फ्रेंस हॉल में पलामू क्षेत्रीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता–2026 का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन 20 और 21 अगस्त 2026 को पलामू जिला के फायरिंग बट में हुआ था, जिसमें पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिला बल के पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने कुल 13 विभिन्न स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाया।

प्रतियोगिता के स्पर्धा परिणामों में लातेहार और पलामू जिला बल ने 06-06 इवेंट्स में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गढ़वा जिला ने 01 इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, गढ़वा ने 08 इवेंट में द्वितीय व 04 में तृतीय, पलामू ने 03 में द्वितीय व 03 में तृतीय, तथा लातेहार ने 02 में द्वितीय व 06 इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विशेष पुरस्कारों की श्रेणी में लातेहार जिला बल के आरक्षी हरिनारायण विश्वकर्मा ने बेस्ट ऑफ शॉर्ट पिस्टल/रिवॉल्वर का खिताब जीता, वहीं पलामू जिला बल के हवलदार लबोदी मरांडी ने बेस्ट ऑफ शॉर्ट कार्बाइन का खिताब अपने नाम किया। सभी स्पर्धाओं के समग्र प्रदर्शन के आधार पर लातेहार जिला ओवरऑल प्रथम, गढ़वा जिला द्वितीय और पलामू जिला तृतीय स्थान पर रहा, जहाँ विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित किया गया।

Share This Article