रक्षा सूत्र से जीवन रक्षा: धनबाद में छात्राओं का ‘सड़क सुरक्षा संकल्प’

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद के व्यस्त चौक-चौराहों पर जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष ‘सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान’ की शुरुआत की गई है। जिला यातायात पुलिस, जिला परिवहन विभाग (DTO) एवं जिला शिक्षा विभाग (DEO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्षाबंधन के पावन अवसर पर वाहन चालकों को जीवन रक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

इस अनूठी पहल के तहत सोमवार को विनोद बिहारी महतो चौक पर ट्रैफिक थाना प्रभारी जयप्रकाश की उपस्थिति में बिना हेलमेट या नियम तोड़ने वाले चालकों को छात्राओं ने राखी बांधी। बहनों ने कलाई पर रक्षा सूत्र सजाकर चालकों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का संकल्प दिलाया।
अभियान में विभिन्न कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और जिला स्कूल सहित 40 से अधिक विद्यालयों के बच्चे बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। स्कूली बच्चे और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम सड़कों पर उतरकर लोगों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दे रही है।

सड़क पर मौजूद सिपाही वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सही ढंग से गाड़ी चलाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रक्षा सूत्र के माध्यम से दिलाया जा रहा यह सुरक्षा संकल्प शहर में दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों को ज़िम्मेदार बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हो रहा है।

Share This Article