छात्रों को पढ़ाया कानून का पाठ, साइबर ठगों से बचने के बताए तरीके

Reena Sharma
2 Min Read

मनातू (पलामू)। कार्तिक उरांव उच्च विद्यालय, मनातू में सोमवार को थाना प्रभारी विक्की कुमार की ओर से छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के प्रावधानों के साथ-साथ कानून, अपराध और पुलिस की भूमिका से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयीं।

थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों, अपराध की प्रकृति और कानून के पालन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील

साइबर अपराध से बचाव को लेकर विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी या निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गयी।
प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम के दौरान पुलिस की ओर से विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गयी। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूछे गये सवालों के जवाब दिये। थाना प्रभारी ने कहा कि कानून की जानकारी और जागरूकता अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Share This Article