डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर :सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-33 स्थित प्रसिद्ध टेंथ माइल स्टोन होटल में जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले के सभी पहलुओं को खंगालने में जुटी हुई हैं। 32 वर्ष के अविवाहित निखार सबलोक जमशेदपुर कदमा निवासी उद्योगपति संजीव सबलोक उर्फ राजा के पुत्र थे। मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में पिता संजीव सबलोक ने उन्हें मुखाग्नि दी। टीएमएच से शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया था, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस वारदात के बाद से जमशेदपुर और आसपास के व्यावसायिक गलियारों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पोस्टमार्टम में 12 गोलियों का खुलासा
निखार सबलोक अपने दोस्तों के साथ व्यवसाय के सिलसिले में टेंथ माइल स्टोन होटल में एक बैठक कर रहे थे। बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही वे होटल से बाहर निकलने लगे, वहां पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार निखार सबलोक के शरीर में कुल 12 गोलियां लगी थी, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर स्थिति बन गई और इलाज के दौरान मौत हो गई।
कनपट्टी (दोनों साइड): 2-2 गोलियां (कुल 4)
गर्दन: 1 गोली
पेट: 1 गोली
पीठ: 2 गोलियां
दोनों कंधे (Shoulder): 2-2 गोलियां (कुल 4)
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो शूटर
पुलिस अनुसंधान के दौरान घटनास्थल से तीन अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें दो अपराधी साफ तौर पर देखे गए हैं। एक बदमाश चेक पैंट और वाइट चेक शर्ट पहने हुए था, जिसने सबसे ज्यादा गोलियां चलाई। दूसरे अपराधी ने भी गोलियां दागीं, लेकिन उसकी संख्या कम थी।
हत्या की मुख्य वजह: पिंडरा पहाड़िया की 3 एकड़ जमीन और JMM नेताओं से विवाद
घटना की शुरुआती जांच में पुलिस को जमीन विवाद की एक बड़ी कड़ी हाथ लगी है। ‘टेंथ माइल स्टोन’ होटल के ठीक पीछे पिंडरा पहाड़िया के पास स्थित 3 एकड़ की एक बेशकीमती जमीन ही इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी है।
जमीन की खरीद व कब्जा: यह जमीन ‘तनेजा’ नामक व्यक्ति ने ‘एपेक्स’ कंपनी के नाम से खरीदी थी। इस जमीन को अपने कब्जे में लेकर निखार सबलोक वहां बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य करवा रहे थे।
स्थानीय विवाद: इसी जमीन पर बाउंड्री निर्माण के दौरान निखार का स्थानीय झारखंड मुक्ति मोर्चा नेताओं के साथ तीखा विवाद भी हुआ था। पिछले चार दिनों से निखार लगातार अपने दोस्तों के साथ साइट पर निगरानी के लिए जा रहे थे।
जेल से रची गई साजिश! बाहरी शूटरों से कराई गई हत्या
पुलिस जांच में गैंगवार और जेल कनेक्शन की आशंका गहरा गई है। जानकारी के अनुसार, मानगो इलाके के जेल में बंद कुछ कुख्यात अपराधियों ने बाहर के पेशेवर शूटरों को बुलाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया है। हत्या के दिन सुबह से ही चार संदिग्ध युवक होटल के आसपास रेकी कर रहे थे। घटना से दो दिन पहले शहर के कुछ बदमाशों ने सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट भी जारी किए थे।
जमशेदपुर से लेकर थाइलैंड के पटाया तक फैला था पारिवारिक कारोबार
सबलोक परिवार लंबे समय से निर्माण और होटल व्यवसाय से जुड़ा रहा है। निखार के पिता संजीव सबलोक ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर और साकची में ‘क्रिस्टल होटल’ की स्थापना कर कारोबार का विस्तार किया था। इसके अलावा परिवार ने थाइलैंड के पटाया में भी लीज पर होटल का संचालन किया था, जिसे लीज खत्म होने के बाद बंद कर निखार वापस जमशेदपुर लौट आए थे।
पुलिस का बयान व आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिले सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया पोस्ट्स को खंगाला जा रहा है।व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता, जमीन विवाद और पुरानी रंजिश हर संभावित कोण पर जांच जारी है।

