डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: देवघर के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में एक महीने तक चलने वाले राजकीय श्रावणी मेले का समापन शुक्रवार को हो गया है। मेले के समापन के साथ ही मंदिर में एक बार फिर से भक्तों के लिए स्पर्श पूजा की व्यवस्था बहाल कर दी गई है। दोपहर बाद पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच अरघा हटा दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को अब सीधे बाबा के स्पर्श दर्शन और पूजन का सौभाग्य मिलने लगा है। श्रावणी मेले के सकुशल संपन्न होने पर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और एसडीओ रवि कुमार सहित जिला प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारियों ने बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की और सफल आयोजन के लिए भगवान का आभार जताया।
शनिवार से शुरू हुआ भादो मेला
सावन की विदाई के साथ ही बाबाधाम में आस्था का अगला दौर यानी भादो मेला शनिवार से शुरू हो गया है। हालांकि भादो के महीने में सावन की तुलना में श्रद्धालुओं की भीड़ थोड़ी कम होती है, लेकिन कांवरियों के आने का सिलसिला लगातार जारी रहता है। परंपरा के अनुसार, इस दौरान भी शिव भक्त सुलतानगंज (अजगैवीनाथ) से गंगाजल लेकर बाबाधाम पहुंच रहे हैं और जलार्पण कर रहे हैं।
प्रशासन की तैयारियां पूरी, सुरक्षा और सुविधा पर जोर
भादो मेले को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कम भीड़भाड़ के बावजूद व्यवस्थाओं में कोई ढील नहीं दी गई है। कांवरिया पथ, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल की आपूर्ति और लाइटिंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बेहतर समन्वय के साथ प्रशासनिक बैठक
भादो मेले के सुचारू संचालन को लेकर हाल ही में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष व महामंत्री, सभी पंडा सदस्यों और तीर्थपुरोहितों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और पंडा समाज के बीच बेहतर तालमेल बिठाना था, ताकि भादो महीने के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, निर्बाध बिजली-पानी और विधि-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा जा सके।

