दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 120 जिंदा कछुए बरामद, छह थैलों में छिपाकर ले जाए जा रहे थे

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद: ऑपरेशन WILEP के तहत धनबाद मंडल की टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 120 जीवित कछुए बरामद किए हैं.
आरपीएफ के अनुसार, 28-29 अगस्त 2026 की रात सहायक सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देशन में गठित मंडल स्तरीय टास्क टीम गोमो से धनबाद के बीच ट्रेन की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान करीब 00:30 बजे ट्रेन के पीछे की तरफ स्थित महिला कोच ER203949/C के अंतिम कंपार्टमेंट में छह थैले/बोरे लावारिस अवस्था में मिले.

थैलों के संबंध में पूछताछ करने पर किसी ने भी अपना मालिकाना हक नहीं बताया. बाहर से टटोलने पर थैलों के अंदर कछुआ जैसा प्रतीत हुआ. धनबाद स्टेशन पहुंचने के बाद आरपीएफ पोस्ट धनबाद की पोस्ट स्तरीय टास्क टीम के सहयोग से थैलों के मालिक की तलाश की गई, लेकिन कोई मालिक सामने नहीं आया.

इसके बाद सभी छह थैलों/बोरों को प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर उतारकर उपस्थित गवाहों के समक्ष खोला गया. प्रत्येक थैले के अंदर जूट के बोरे में 20-20 जीवित कछुए मिले. इस प्रकार कुल 120 Indian Flapshell (Lissemys punctata) प्रजाति के जीवित कछुए बरामद किए गए.

कछुओं को करीब 01:00 बजे जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया गया और आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया. वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कछुओं को संरक्षण प्राप्त होने के कारण वन विभाग से समन्वय किया गया. बरामद कछुओं को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है.

Share This Article