आयरन पिघलाते समय हादसा
निरसा थाना क्षेत्र के कंचनडीह स्थित रिद्धि सिद्धि स्पंज आयरन फैक्ट्री में बीती रात करीब 1 बजे हादसा हुआ। शीशिया यूनिट में आयरन पिघलाने के दौरान बॉयलर का छींटा मजदूर धीरज सिंह पर पड़ गया।
दोनों हाथ झुलसे
हादसे में धीरज सिंह के दोनों हाथ झुलस गए, जबकि दाहिना हाथ अधिक जल गया। घटना के बाद साथी मजदूरों ने उसे तत्काल गोविंदपुर के ओम साईं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
आठ साल से कर रहा काम
गोविंदपुर निवासी धीरज सिंह पिछले आठ वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहा है। उसने बताया कि पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई और बॉयलर का छींटा लगना महज संयोग था।
इलाज का मिला भरोसा
घायल मजदूर के अनुसार कंपनी मालिक ने इलाज और क्षतिपूर्ति का आश्वासन दिया है। उसने बताया कि कंपनी की ओर से सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जाता है।
सुरक्षा उपायों की होगी समीक्षा
फैक्ट्री प्रबंधन ने मजदूर का पूरा इलाज कराने की बात कही है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

